ललितपुर
हाईस्कूल व इंटर बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संचालित, उपस्थिति रही बेहतर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं के अंतर्गत सोमवार को जनपद में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रशासन की कड़ी निगरानी और परीक्षा केन्द्रों पर सुदृढ़ व्यवस्थाओं के चलते परीक्षार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक रही। बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल के विषय अंग्रेजी) में कुल 19,379 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 18,433 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए। वहीं 946 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। संस्थागत परीक्षार्थियों में 10,492 बालक व 8,746 बालिकाएं पंजीकृत थीं, जबकि व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की संख्या 141 रही। वहीं इंटरमीडिएट के व्यावसायिक विषय में कुल 257 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 248 ने परीक्षा दी, जबकि 9 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। संस्थागत श्रेणी में 156 बालक व 98 बालिकाएं पंजीकृत थीं। परीक्षा के दौरान सभी केन्द्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित कराने के लिए उडऩ दस्तों द्वारा लगातार निरीक्षण किया गया। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और कहीं से किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।



