शामली

भाकियू ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर कलक्ट्रेट में दिया धरना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। किसानों और आम जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएम को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन एडीएम न्यायिक को सौंपकर समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।

ज्ञापन में बधेव-गौहरनी बाईपास चौराहे पर यातायात व्यवस्था के लिए सांकेतिक लाइट लगवाने और बधेव बाईपास के दोनों ओर सड़क निर्माण कराने की मांग की गई। भाकियू पदाधिकारियों ने थानाभवन स्थित गन्ना फैक्ट्री पर किसानों के बकाया भुगतान की मांग करते हुए कहा कि पेराई सत्र शुरू होने से पहले किसानों को राहत दी जाए।

किसानों ने जनपद की सड़कों पर दौड़ रहे ओवरलोड खनन डंपरों, बिना नंबर प्लेट और तेज गति से चलने वाले वाहनों पर रोक लगाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को सीज करने की मांग की। वहीं, एआरटीओ द्वारा 10 और 15 वर्ष पुराने डीजल-पेट्रोल वाहनों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी उठाई।

ज्ञापन में आवारा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में भेजने तथा सरकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में खाद, डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की गई। किसानों ने कहा कि समय से उर्वरक नहीं मिलने से फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

इस अवसर पर मास्टर जाहिद, सांता प्रधान, कपिल खाटियान, कुलदीप पंवार, संजीव राठी, दीपक शर्मा, मोहित शर्मा, योगेंद्र पंवार आदि मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button