
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : हसनपुर में एससी-एसटी एक्ट के मामले में नोटिस देने गई पुलिस टीम पर आरोपित और उसके परिवार ने हमला कर दिया। लाठी-डंडों और फरसे से किए गए हमले में हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीओ के आदेश पर एससी-एसटी एक्ट के एक मुकदमे से संबंधित नोटिस तामील कराने गई हसनपुर कोतवाली पुलिस पर आरोपित ने अपने परिवार के साथ मिलकर हमला कर दिया। लाठी डंडे व फरसा से हमला करने के साथ ही पथराव भी किया गया। जिसमें एक हेड कांस्टेबल सिर में गंभीर चोट लगने से घायल हो गए
कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक सोनू कुमार सीओ दीप कुमार पंत के आदेश पर क्षेत्र के गांव दयावली खालसा निवासी धर्मवीर को नोटिस तामील कराने उपनिरीक्षक चुन्नीलाल, हेड कांस्टेबल हरिओम, कांस्टेबल दीपेश, गौरव तथा अनुज के साथ गए थे। उन्हें धर्मवीर अपने घर के बाहर खड़ा हुआ मिल गया।
नोटिस तामील करने को कहने पर वह आग बबूला होकर पुलिस से गाली गलौज करने लगा तथा उसने अपने भाई अनीस, राजू, विक्रम व सुभाष तथा मां हंसो देवी को बुला लिया।
पुलिस के हाथ से नोटिस छीनकर फाड़ने पर पुलिस ने साहस का परिचय देते हुए उसे पकड़कर गाड़ी में बैठा लिया, लेकिन आरोपितों ने एकराय होकर पुलिस पर हमला कर आरोपित को जबरन छुड़ा लिया।
उधर, सिर में फरसा लगने से हेड कांस्टेबल हरिओम गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका हसनपुर सीएचसी में प्राथमिक उपचार कराने के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
खास बात यह है कि घटना पांच अप्रैल की है। पुलिस 48 घंटे तक मामले को छिपाए रही। सोमवार को पुलिस ने नामजदों में से राजू व हंसो देवी को पकड़कर फरसा बरामद कर चालान कर दिया है। मुख्य आरोपित धर्मवीर समेत अन्य आरोपित पुलिस पकड़ से दूर हैं।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मां-बेटे को पकड़ कर चालान कर दिया है। अन्य आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश डाली जा रही हैं।



