गाजियाबाद
लोनी बॉर्डर और अंकुर क्षेत्र में छठ पूजा की धूम
डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर श्रद्धालुओं ने मांगी सुख-समृद्धि की कामना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र और अंकुर इलाके में इस वर्ष छठ महापर्व की अद्भुत छटा देखने को मिली। श्रद्धा, भक्ति और आस्था से ओतप्रोत इस पर्व पर सोमवार शाम हजारों श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर भगवान सूर्य नारायण और छठी मइया से अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं स्वास्थ्य की कामना की।
तीन दर्जन घाटों पर गूंजे छठी मइया के भजन
क्षेत्र के करीब तीन दर्जन घाटों पर श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और उल्लास के साथ पूजा-अर्चना की। जगह-जगह भव्य पंडाल सजाए गए और स्पीकरों पर छठ माता के भजन गूंजते रहे। पूरे माहौल में भक्ति और आस्था की लहर दौड़ती रही, जिससे इलाका छठमय नजर आया
समाजसेवियों ने मिलकर किया भव्य आयोजन
सभासद अंजलि मोहन शर्मा ने अपने शुभचिंतकों के साथ तिलक राम कॉलोनी में पंडाल लगाकर घाट तैयार किया और श्रद्धालुओं के साथ इस पर्व को भव्य रूप से मनाया।
स्थानीय निवासी मोहन शर्मा, मा निर्मल, दीपू तोमर, मनीष शर्मा, रामनिवास जाटव, आशिष कुमार और गुल्लू सैनी ने मिलकर अपनी कॉलोनी में बने घाट को साज-सज्जा और रोशनी से जगमगा दिया।
नगर पालिका लोनी की टीमों ने सफाई व्यवस्था को उत्कृष्ट बनाए रखा और समय-समय पर कचरा निस्तारण का कार्य किया। घाटों पर लाइटिंग, साउंड सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया।
घरों की छतों पर भी सजे छोटे-छोटे घाट
भीड़भाड़ से बचने के लिए कई लोगों ने अपने घरों की छतों पर छोटे तालाब और दीपक-सजावट के साथ छठ घाट तैयार किए। बच्चों को इस परंपरा से जोड़ने के लिए परिवारों ने उन्हें पूजा की तैयारियों में शामिल किया।
जौहरीपुर कॉलोनी में अल्का और निर्मला देवी ने अपने घर की छत पर पूरे हर्षोल्लास के साथ छठ पूजा का आयोजन किया।
महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में व्रत रखकर भगवान सूर्यदेव और छठी मइया को दूध, जल और प्रसाद अर्पित किया। भक्ति से ओतप्रोत माहौल में लोकगीतों की मधुर ध्वनि देर रात तक गूंजती रही।
आस्था के साथ सामाजिक समरसता का भी प्रतीक
भक्तों ने बताया कि छठ पूजा केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और समरसता का प्रतीक भी है। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी इस पावन अवसर पर एक साथ शामिल हुए और भक्ति में लीन दिखाई दिए।
प्रशासन की कड़ी निगरानी और चाक-चौबंद सुरक्षा
लोनी बॉर्डर थाना प्रभारी हरेंद्र मलिक और अंकुर बिहार थानाप्रभारी योगेन्द्र पंवार और स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मी लगातार घाटों की निगरानी करते रहे ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो।
भजन-कीर्तन से गूंजा वातावरण
डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद श्रद्धालु भजन-कीर्तन में लीन हो गए, जिससे वातावरण और भी दिव्य बन गया। मंगलवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन होगा



