बरेली
राष्ट्रीय लोक अदालत में 2.27 लाख वादों का निस्तारण, 39.20 करोड़ के आदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर शनिवार को बरेली में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ। जनपद न्यायाधीश प्रदीप कुमार सिंह-द्वितीय ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।
नोडल अधिकारी उमा शंकर कहार ने बताया कि कुल 2,27,243 वादों का निस्तारण कर 39,20,88,684 रुपये के आदेश पारित किए गए।
सत्र न्यायालयों में 810, दीवानी में 1107 और फौजदारी में 92,535 वाद निस्तारित हुए। पारिवारिक न्यायालयों में 239 टूटते परिवारों में सुलह कराई गई, जिसमें प्रधान न्यायाधीश मो. अशरफ अंसारी ने 159 और अपर प्रधान न्यायाधीश संजय कुमार सिंह ने 80 जोड़ों में समझौता कराया।
एमएसीटी में 296 मामलों में 19.70 करोड़, वाणिज्यिक न्यायालय में 6 वादों में 1.14 करोड़ और बैंक ऋण के 1715 वादों में 8.37 करोड़ की वसूली हुई। पुलिस ने 60,491 मामले निस्तारित किए, जिसमें 37,632 ई-चालान शामिल हैं। कुल 1,25,126 ई-चालानों का निस्तारण हुआ।
परिसर में केंद्रीय कारागार के बंदियों द्वारा बनाए गए उत्पादों, स्वयं सहायता समूहों, ODOP और एक जनपद एक पकवान की प्रदर्शनी भी लगी। नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को जागरूक किया गया। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जया प्रियदर्शिनी ने सभी के सहयोग के लिए आभार जताया।




