दिल्ली

ब्रिक्स घोषणा से भारतीय कारोबार को वैश्विक अवसर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में जारी नई दिल्ली घोषणा भारतीय व्यापारियों, एमएसएमई, स्टार्टअप और निर्यातकों के लिए वैश्विक बाजारों में नए अवसर खोलेगी। यह बात चांदनी चौक से सांसद एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कही।

खंडेलवाल ने कहा कि घोषणा भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का प्रमाण है। व्यापार सुगमता, स्थानीय मुद्राओं में लेन-देन, डिजिटल भुगतान, तकनीकी सहयोग और मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाओं पर जोर से भारतीय कारोबारियों को ब्रिक्स देशों के बाजारों में विस्तार का अवसर मिलेगा।

उन्होंने निष्पक्ष और नियम आधारित वैश्विक व्यापार व्यवस्था के समर्थन तथा संरक्षणवादी नीतियों के विरोध का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह कदम विकासशील देशों के हित में है और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को मजबूती देगा। घोषणा आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, वोकल फॉर लोकल और लोकल टू ग्लोबल के विजन के अनुरूप है।

खंडेलवाल ने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवाचार और फिनटेक पर दिए गए जोर को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने “ब्रिक्स ट्रेड कनेक्ट मिशन” शुरू करने का सुझाव देते हुए कहा कि इसके माध्यम से भारतीय व्यापारियों और एमएसएमई को बाजार की जानकारी, खरीदार-विक्रेता बैठकें, निर्यात सहायता और व्यावसायिक नेटवर्किंग उपलब्ध कराई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि नई दिल्ली घोषणा केवल कूटनीतिक दस्तावेज नहीं, बल्कि व्यापार विस्तार और वैश्विक आर्थिक सहयोग का रोडमैप है, जिसका सीधा लाभ भारतीय व्यापारियों, उद्यमियों और एमएसएमई को मिलेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button