मेडिकल स्टोरों पर छापामार कार्यवाही में नशीली दवाएं व सिरिंज बरामद…

नेशनल प्रेस टाइम्स , ब्यूरो
हापुड (यूपी) – हापुड़ के डीएम कार्यालय में पहुंचे ड्रग्स के आदतन एक व्यक्ति की शिकायत पर डीएम ने टीमें गठित कर सिम्भावली व गढ़ में मेडिकल स्टोरों पर छापेमार कार्यवाही करवाई, जिसमें नशीली दवाएं व सिरिंज बरामद की गई हैं । जिसके बाद पांच मेडिकल स्टोर सीज कर दिए , जबकि दो मेडिकल स्टोर मालिक मेडिकल स्टोर बंद कर फरार हो गए ।
डीएम अभिषेक पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि आज उनके कार्यालय में नशे का आदी एक व्यक्ति उनके कार्यालय में आया और बताया कि वह अपनी बेटी की खातिर नशा छोड़ना चाहता है। गढ़ व सिम्भावली क्षेत्रों में स्थित मेडिकल स्टोरों पर ड्रग्स व नशीली दवाएं मिलती है। सूचना मिलते ही डीएम ने तत्काल पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य व अन्य विभागों की 6 सदस्यीय टीमों का गठन कर छापेमारी करवाई। जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद इन पांच स्टोरों को सील कर दिया गया।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने पुलिस, राजस्व और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों की 6 सदस्यीय मजिस्ट्रियल टीम गठित की। टीम ने गढ़मुक्तेश्वर और सिंभावली क्षेत्र में 7 मेडिकल स्टोर्स पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कई जगह बिना लाइसेंस और बिना डॉक्टर की पर्ची के शेड्यूल्ड ड्रग्स बेचे जाते पाए गए । एक मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस के संचालित होता मिला जबकि एक परचून की दुकान पर भी नशीली दवाइयों का स्टॉक बरामद हुआ है । प्रशासन ने ऐसे मेडिकल स्टोर्स को सील कर एफआईआर दर्ज कराने की कार्यवाही शुरू कर दी है। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोर्स के ड्रग लाइसेंस सस्पेंड कर उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है।
हालांकि इस पूरे मामले में ड्रग इंस्पेक्टर की भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए जिससे नशीली दवाइयों के इस अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचकर इसे पूरी तरह खत्म किया जा सके।




