सिंगरौली
नौगढ़ खलनायक चौराहा पर गड्ढा फिर बना हादसों का कारण, लोगों में आक्रोश
प्रशासन व जनप्रतिनिधियों पर अनदेखी का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। नौगढ़ क्षेत्र के खलनायक चौराहा के पास सड़क पर पाइप लाइन डालने के लिए की गई खुदाई एक बार फिर लोगों के लिए खतरा बन गई है। कुछ दिनों पहले खबर प्रकाशित होने के बाद ठेकेदार ने गड्ढे को केवल रेत डालकर अस्थायी रूप से ढक दिया था, लेकिन थोड़े ही समय में स्थिति फिर पहले जैसी हो गई और गड्ढा दोबारा उभर आया।
ग्रामीणों का कहना है कि खुले गड्ढे के कारण लगातार बाइक सवार और राहगीर दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो रहे हैं। रात के समय यह स्थान और अधिक खतरनाक हो जाता है, क्योंकि वहां न तो कोई चेतावनी संकेत लगाए गए हैं और न ही सुरक्षा की कोई व्यवस्था की गई है।
स्थानीय लोगों में पीएचई विभाग और ठेकेदार की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी मार्ग से अधिकारी और जनप्रतिनिधि लगातार गुजरते हैं, लेकिन अब तक किसी ने स्थायी समाधान की पहल नहीं की। लोगों ने यह भी कहा कि स्थानीय पार्षद द्वारा भी इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और कलेक्टर से मांग की है कि गड्ढे को तत्काल पक्के तरीके से भरवाया जाए तथा लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।



