कैराना
तसव्वर के परिजनों के बीच पहुंचे सपा विधायक नाहिद हसन
पीड़ित परिवार को बंधाया ढांढस, बोले—हत्यारे किसी भी समाज के हों, बचना नहीं चाहिए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। तित्तरवाड़ा में गोली लगने से हुई तसव्वर की मौत के बाद मंगलवार को सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और घटना पर दुख जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
विधायक ने परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए और जांच में किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। गुनहगार चाहे किसी भी समाज या वर्ग से संबंधित हो, उसे किसी भी कीमत पर बचना नहीं चाहिए।उन्होंने कहा कि हत्यारा, हत्यारा होता है। उसका किसी भी समाज से होना उसे अपराध से मुक्त नहीं करता। घटना में जो भी लोग दोषी हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और कानून के तहत उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए। नाहिद हसन ने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। विधायक के पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने घटना को लेकर आक्रोश जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विधायक ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में पीड़ित परिवार की आवाज मजबूती से उठाई जाएगी।



