मेरठ

मेरठ में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

 नोडल अधिकारी नरेंद्र भूषण ने दिए निर्देश, मेरठ को बनाएं मॉडल जनपद

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

मेरठ।अपर मुख्य सचिव ऊर्जा, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत एवं प्राविधिक शिक्षा विभाग तथा मेरठ जनपद के नोडल अधिकारी नरेंद्र भूषण की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में विभिन्न विभागीय योजनाओं और परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, विद्युत, प्राविधिक शिक्षा, सोलर एनर्जी, इंटर्नशिप, वृक्षारोपण तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

 

नोडल अधिकारी ने कहा कि मेरठ विकास एवं आर्थिक गतिविधियों की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण जनपद है, इसलिए यहां के कार्यों में नवाचार हो और सभी विभाग शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद स्तर पर उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अवार्ड के लिए आवेदन किए जाएं, जिससे जनपद को विशेष पहचान मिले।

उन्होंने नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग को मेरठ में मॉडल रोड निर्माण हेतु चिन्हांकन कर शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत रोड कटिंग वाले गांवों में मरम्मत कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने, कांवड़ यात्रा की दृष्टि से साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के भी निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग को संचारी रोगों की रोकथाम हेतु फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश मिले। पशुपालन एवं गौशाला प्रबंधन में सफाई और गोवंश की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

सीएम डैशबोर्ड में प्रदर्शन सुधारने हेतु सभी विभागों को रैंकिंग बेहतर करने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा गया। वृक्षारोपण अभियान को गति देते हुए सभी विभागों को अधिक से अधिक छायादार, फलदार व औषधीय वृक्ष लगाने और उनका संरक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया।

नेडा एवं विद्युत विभाग को पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर पैनल लगाने की प्रगति तेज करने को कहा गया। सभी सरकारी भवनों पर सोलर सिस्टम लगाए जाएं और आमजन को योजना का लाभ मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।

प्राविधिक शिक्षा की समीक्षा में नोडल अधिकारी ने आईटीआई व पॉलिटेक्निक संस्थानों को स्थानीय उद्योगों से जोड़ने, छात्रों को इंटर्नशिप व रोजगार के अवसर दिलाने तथा संस्थानों की गुणवत्ता बढ़ाने पर बल दिया।

बैठक में फैमिली आईडी, जीरो पावर्टी, पीएम आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, मिड डे मील, कुसुम योजना आदि की समीक्षा कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने पुलिस लाइन में निर्माणाधीन भवन व शहीद स्मारक का निरीक्षण कर कार्य समय से पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, एसएसपी विपिन ताडा, सीडीओ नूपुर गोयल सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अंत में नोडल अधिकारी व अन्य अधिकारियों ने पौधारोपण भी किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button