बेतुल
बैतूल 2 से 14 दिसंबर तक पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होगा स्वदेशी मेला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में 2 दिसंबर से 14 दिसंबर तक पुलिस परेड ग्राउंड में स्वदेशी मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले की तैयारियां जोरों पर हैं और इसे आत्मनिर्भर भारत के संदेश के साथ स्वदेशी भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। जिला कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी द्वारा स्वदेशी मेला बैतूल के ब्रोशर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रांत संगठक हेमंत रावत उपस्थित रहे।
जिला संयोजक निलेश गिरी गोस्वामी ने जानकारी दी कि मेले में देशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए हस्तशिल्प, आर्ट एंड क्राफ्ट, स्वदेशी वस्तुओं की दुकानें और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। बच्चों के लिए छोटे-बड़े झूले, भूत बंगला जैसी मनोरंजन झलकियां भी आकर्षण का केंद्र होंगी। साथ ही स्थानीय कलाकारों और विद्यालय-महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह मेला स्थानीय स्वदेशी उत्पादों को बाजार देने और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सशक्त कदम साबित होगा।



