सिंगरौली

 धवई की शासकीय उचित मूल्य दुकान में 60 बोरी चावल व 20 बोरी गेहूं पानी में सड़े

प्रशासनिक लापरवाही से गरीबों का अनाज हुआ बर्बाद, सितंबर माह का वितरण अब तक अधर में लटका, ग्रामीणों ने उठाए गंभीर सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
 सिंगरौली। जिले के चितरंगी विकासखंड अंतर्गत धवई गांव में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां शासकीय उचित मूल्य दुकान (कोड 5007087) में भारी मात्रा में अनाज बारिश के पानी में सड़ गया। जानकारी के अनुसार, दुकान में रखी करीब 60 बोरी चावल और 20 बोरी गेहूं पानी में भीगकर सड़ चुकी हैं। अनाज की यह बर्बादी न केवल सरकारी व्यवस्था की कमजोरी को उजागर करती है, बल्कि ग्रामीण गरीब परिवारों के अधिकारों पर भी सीधा प्रहार है। गांव में भ्रमण के दौरान निर्माण मजदूर संगठन (एटक) की टीम ने जब स्थल का निरीक्षण किया तो चौंकाने वाली स्थिति सामने आई। टीम को पता चला कि सितंबर माह का अनाज अब तक ग्रामीणों को वितरित नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि उचित मूल्य दुकान खुलने का कोई निश्चित समय निर्धारित नहीं है, जिससे लोगों को राशन प्राप्त करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि यदि समय पर वितरण किया गया होता तो इतनी भारी मात्रा में अनाज सड़ने से बच जाता।
अवरुद्ध नाली बनी बड़ी वजह
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि उचित मूल्य दुकान के पूर्वी दिशा में स्थित नाली पानी निकासी का मुख्य माध्यम थी। लेकिन स्थानीय व्यक्ति निचकऊ पिता रामलाल यादव द्वारा इस नाली में मिट्टी भर दी गई, जिससे जल निकासी का मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इसके कारण वर्षा का पानी सीधे दुकान के अंदर भर गया और वहां रखा चावल व गेहूं पानी में भीगकर खराब हो गया।
गरीबों की थाली से छिन गया अनाज
गांव के लोगों ने कहा कि यह अनाज गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवनरेखा के समान था। लाखों रुपये मूल्य का यह खाद्यान्न अब सड़कर पूरी तरह अनुपयोगी हो चुका है। ग्रामीण बुजुर्गों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि “सरकारी सिस्टम की लापरवाही का खामियाजा हमेशा गरीब जनता को ही भुगतना पड़ता है।”
संगठन के पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
घटना स्थल पर निरीक्षण के दौरान निर्माण मजदूर संगठन (एटक), भोपाल ब्लॉक इकाई चितरंगी के पदाधिकारी एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर — ब्लॉक अध्यक्ष: मंगलेश्वर प्रसाद मिश्रा, उपाध्यक्ष: रामकुमार कुशवाहा, कोषाध्यक्ष: मूलचंद्र विश्वकर्मा, जिला मीडिया प्रभारी: रवि कुमार बैस, सह सचिव: रामलाल यादव, सहित ग्राम पंचायत सरपंच और बड़ी संख्या में सम्मानित ग्रामवासी उपस्थित थे।
प्रशासन से ग्रामीणों ने की मांग
ग्रामीणों ने की कठोर कार्रवाई की मांग ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दुकान के विक्रेता और नाली अवरुद्ध करने वाले जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में अनाज भंडारण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों और सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button