अमरोहा
अमरोहा में भाजपा विधायक ने निकाली कांवड़ यात्रा
राजीव तरारा ने14 किमी पैदल चलकर किया चाकेश्वर महादेव का अभिषेक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : मंडी धनौरा विधानसभा सीट से दूसरी बार भाजपा विधायक राजीव तरारा ने सावन के अंतिम सोमवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्र के नाम एक कांवड़ यात्रा निकाली। इस कांवड़ यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया।यह कांवड़ यात्रा ऐतिहासिक तिगरी गंगा धाम से शुरू हुई। यात्रा करीब 14 किलोमीटर का सफर तय करके प्राचीन श्री चाकेश्वर मंदिर पर जाकर संपन्न हुई। इस दौरान यात्रा में हर-हर महादेव, हर-हर गंगे और भारत माता की जय के जयकारे गूंजते रहे।भाजपा विधायक राजीव तरारा ने बताया कि वह हर साल सावन के महीने में एक कावड़ राष्ट्र के नाम तिगरी गंगा धाम से लेकर आते हैं। उनके साथ उनके समर्थक और पार्टी के कार्यकर्ता भी इस यात्रा में भारी संख्या में उपस्थित होते हैं।इसी कड़ी में आज फिर से उन्होंने एक कांवड़ राष्ट्र के नाम निकाली है। उन्होंने तिगरी गंगा धाम से गंगाजल भरकर 14 किलोमीटर पैदल चलकर भगवान चाकेश्वर महादेव का गंगाजल से अभिषेक किया।विधायक ने प्रदेश और देश में खुशहाली की भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की। कई जगह कांवड़ यात्रा का फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से यात्रा के दौरान पुलिस भी मुस्तैद रही।



