अमरोहा
पुलिस की पिटाई से महिला की रीढ़ की हड्डी टूटी
अमरोहा में दरोगा समेत 3 पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने का कोर्ट का आदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के नौगावां सादात थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक दंपती के घर में रात को घुसकर पुलिस ने मारपीट की। इस दौरान महिला की रीढ़ की हड्डी टूट गई। घटना एक फरवरी 2025 की है। दरोगा रामनिवास, कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र और ममता रात में दंपती के घर में घुस गए। जब दंपती ने रात में घर में आने का कारण पूछा, तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मामले की पूरी कहानी पिछले साल से जुड़ी है। पीड़ित महिला ने नौगांवा सादात थाने में कुछ लोगों के खिलाफ छेड़खानी और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी फैसले का दबाव बना रहे थे। फैसला न करने पर आरोपियों ने किसान पर हमला कर दिया। बाद में नौगांवा सादात पुलिस ने आरोपियों से मिलकर किसान की पत्नी, पिता और भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस दंपती पर फैसले का दबाव बनाने लगी। दंपती ने जिला जज की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की। इसके बाद पुलिस ने किसान के पिता और भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस की पिटाई के बाद किसान ने अपनी पत्नी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दरोगा समेत तीन पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।


