अमरोहा
मारपीट व जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा रहरा : अमरोहा के रहरा थाना क्षेत्र के ग्राम शकरगढ़ी में आपसी रंजिश को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
पीड़ित तारिक पुत्र जाहिद निवासी ग्राम शकरगढ़ी ने थाना रहरा में दी तहरीर में बताया कि दिनांक 03 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12:40 बजे वह अपने भाई शाकिर के साथ काम के लिए दुकान पर हसनपुर जा रहा था। जैसे ही वह घर से थोड़ी दूरी पर पहुंचा, तभी पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही कासिम व फैजान पुत्रगण मुजाहिद, हाशिम पुत्र मारूफ और कमाल पुत्र नईम ने पुराने मुकदमे की रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली देने से मना करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से तारिक और उसके भाई शाकिर के साथ मारपीट की।
शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए तारिक का भाई आजम मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे आजम के सिर में गंभीर चोटें आईं। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना रहरा पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अतबीर सिंह चौहान ने बताया कि घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


