गोड्डा
गोड्डा नगर परिषद में दोहरी पदस्थापना का मामला तूल पकड़ा
सौरभ परासर ने विभागीय कार्रवाई की मांग की

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
गोड्डा : नगर परिषद गोड्डा में नियमविरुद्ध दोहरी पदस्थापना और नियुक्ति आदेश में नाम गड़बड़ी को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं आगामी नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद के संभावित प्रत्याशी सौरभ परासर उर्फ बच्चू झा ने नगर प्रशासन निदेशालय, रांची को शिकायत पत्र भेजकर तत्काल स्थानांतरण की मांग की है।
परासर ने आरोप लगाया है कि स्थानीय निवासी श्री रोहित कुमार गुप्ता नगर परिषद गोड्डा में सिटी मैनेजर पद पर विगत डेढ़ वर्ष से कार्यरत हैं, और उन्हें नगर पंचायत महगामा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है, जो सेवा नियमों और स्थानांतरण नीति का उल्लंघन है।
उन्होंने यह भी उजागर किया कि 31 जुलाई 2023 को जारी निदेशालय आदेश में अधिकारी का नाम “मोहित कुमार गुप्ता” अंकित है, जबकि कार्यरत व्यक्ति “रोहित कुमार गुप्ता” हैं। परासर ने इसे प्रशासनिक लापरवाही और संभावित कदाचार करार दिया है।
सौरभ परासर ने निष्पक्ष चुनाव के लिए गैर-स्थानीय, योग्य सिटी मैनेजर की तैनाती की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो वे RTI और जनआंदोलन का सहारा लेंगे।
प्रशासनिक निष्पक्षता और पारदर्शिता पर उठे सवालों ने नगर परिषद चुनाव से पहले माहौल गर्मा दिया है।



