ललितपुर
डिलीवरी कराने के नाम पर आशा का रुपये लेते हुये वीडियो वायरल
गर्भवती महिला की डिलीवरी कराने के नाम पर मांगा अवैध सुविधा शुल्क

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जहां एक ओर प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस पर काम करते हुए भ्रष्टाचार खत्म करने की बात कर रही है तो वहीं दूरी ओर उसके ही अधिकारी कर्मचारी भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं। ऐसा ही एक मामला प्रकाश में आया है जहां गर्भवती महिला की डिलीवरी कराने के नाम पर रिश्वत मांगी और जब रिश्वत मिली तब उसकी डिलीवरी कराई गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया। ब्लॉक महरौनी के अंतर्गत ग्राम सिलावन निवासी गर्भवती खूशबू अहिरवार का पेट दर्द करने लगा तो उनके पति महेंद्र अहिरवार सामूदायिक स्वास्थ्य केन्द्र महरौनी लेकर पहुंच गये, जहां आशा द्वारा नॉर्मल डिलीवरी के नाम पर 10 हजार रुपए की मांग की उसके बाद ही प्रसव कराने का कहा गया। पीडि़त 10 हजार रुपये देने में सक्षम नहीं था। इसलिए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन वहां भी आशा द्वारा सुविधा शुल्क मांगा गया। अन्यथा की स्थिति में झांसी रेफर करने के लिए कहा गया। पीडि़त ने आशा को 5 हजार रुपए दे दिए जिसका वीडियो बना लिया और अब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जांच कमेटी गठित, आज सौंपेगी रिपोर्ट
प्रसव कराने के नाम पर रुपये लिये जाने का दावा करने वाली वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वायरल वीडियो से सम्बन्धित एक शिकायती पत्र भी प्रशासन को भेजा गया है। प्रकरण को लेकर जिलाधिकारी अमनदीप डुली ने सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद को जांच कर आख्या शनिवार को देने के निर्देश दिये हैं। इधर सीएमओ ने मामले की जांच के लिए कमेटी बनाकर जांच के निर्देश दिये हैं।