
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
उरई (जालौन) : जिले की प्रतिभाशाली दिव्यांग खिलाड़ी स्वाति सिंह ने युगांडा की राजधानी कंपाला में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश, प्रदेश और जालौन का मान बढ़ाया है। डॉ. शकुंतला मिश्रा नेशनल रिहैबिलिटेशन यूनिवर्सिटी, लखनऊ की छात्रा स्वाति ने महिला एकल एसएल-5 वर्ग में रजत, महिला युगल एसयू-5 वर्ग में स्वर्ण तथा मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया।
50 से अधिक देशों के खिलाड़ियों की भागीदारी वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में स्वाति ने अपनी खेल प्रतिभा और संघर्षशीलता से यह सिद्ध कर दिया कि आत्मबल और निरंतर अभ्यास से हर चुनौती को मात दी जा सकती है।
उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जनपदभर में खुशी की लहर है। प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वाति को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया।
स्वाति सिंह की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए गौरव की बात है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। जालौन की यह बेटी सच्चे अर्थों में हौसले की मिसाल बन गई है।



