अलवर
राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा हिंदू और हिंदुत्व की बात करने वाली भाजपा सरकार अब मंदिर तोड़ने की कवायद कर रही है
केवल मंदिर तोड़ने का मामला नहीं बल्कि लोगों की आस्था पर सीधा हमला है टीकाराम जूली

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अलवर। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिंदू और हिंदुत्व की बात करने वाली भाजपा की सरकार अब मंदिर तोड़ने की कवायद कर रही है।
उन्होंने कहा कि यह केवल मंदिर तोड़ने का मामला नहीं बल्कि लोगों की आस्था पर सीधा हमला है।
जूली ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह कोई नया निर्माण नहीं है बल्कि ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर को ठीक करने का काम किया जा रहा था।
जूली अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की उमरैण पंचायत समिति के देव डूंगरी पर निर्माणाधीन मंदिर परिसर को प्रशासन द्वारा तोड़े जाने के अगले दिन ग्रामीणों से मिलने यहां पहुंचे।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार का दोहरा चेहरा अब जनता के सामने आने लगा है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम के नाम पर वोट बैंक की राजनीति करने वाले भाजपा नेताओं के इशारों पर भगवान देवनारायण और राम भक्त श्री हनुमान मंदिर पर प्रशासन द्वारा की गई कार्यवाही अमानवीय है।
उन्होंने कहा कि वन विभाग की कार्यप्रणाली न्याय संगत नहीं है दोषी अधिकारी कर्मचारियों को तुरंत सस्पेंड किया जाए और सरकार अपने खर्चे पर मंदिर में दोबारा निर्माण कराए।
उन्होंने कहा कि आमजन की आस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाजपा का काम सिर्फ विवाद फैलाना,विकास कोसों दूर
जूली ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार केवल मंदिर-मस्जिद के मुद्दे उठाकर विवाद फैलाती है लेकिन वास्तविक विकास कार्य नहीं करती।
उन्होंने आरोप लगाया कि खाटू श्याम मंदिर और गोविंददेवजी मंदिर के लिए आवंटित धनराशि का उपयोग भी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मंदिरों को तोड़कर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा रही है।
जूली ने महाराजा भर्तृहरि और पांडुपोल मंदिर में किए देव दर्शन
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अरावली पर्वतमाला की श्रृंखलाओं के बीच स्थित महाराजा भर्तृहरि और पांडुपोल में श्री हनुमान महाराज के दर्शन कर देश व प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
उन्होंने कहा कि प्रकृति प्रेमियों और आध्यात्मिक साधकों के लिए यह मंदिर स्वर्ग से कम नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरिस्का बाघ अभ्यारण के मध्य स्थित मंदिर का मनोरम दृश्य और प्राकृतिक सौंदर्य अपनी अलग ही छंटा बिखेरता है।
जूली बोले हनुमान मंदिर का इतिहास महाभारत की गहराइयों से जुड़ा हुआ है, यह मंदिर भगवान हनुमान को समर्पित है, भगवान श्री राम के प्रति अपनी अटूट भक्ति के लिए जाने वाले इस मंदिर के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने प्रवेश निशुल्क की घोषणा की थी




