गोड्डा
बीएलओ का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पोड़ैयाहाट (गोड्डा ): पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत प्रखंड सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर बीएलओ का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर मास्टर ट्रेनर रूपेश कुमार ने उपस्थित बीएलओ को विस्तृत जानकारी दी और उन्हें अभियान की प्रक्रिया से अवगत कराया। मास्टर ट्रेनर ने बताया कि यह एक राज्यव्यापी विशेष अभियान है, जिसका उद्देश्य भारत की नागरिकता से संबंधित प्रमाणिक जानकारी एकत्र करना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वेक्षण करना होगा और गणना प्रपत्र (दो प्रतियों में) प्रत्येक मतदाता को वितरित करना होगा। यदि किसी घर पर ताला लगा हुआ पाया जाता है, तो गणना प्रपत्र उस घर में डाल दिया जाएगा और बीएलओ को निर्देश है कि वे उस घर में कम से कम तीन बार पुनः संपर्क करें। इस दौरान बीएलओ नागरिकों को फॉर्म भरने में सहायता करेंगे और स्व-सत्यापित दस्तावेज भी प्राप्त करेंगे। भारत के नागरिक होने के प्रमाण हेतु जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और शैक्षणिक प्रमाण पत्र मान्य होंगे। मास्टर ट्रेनर ने स्पष्ट किया कि आधार कार्ड को नागरिकता प्रमाण के रूप में मान्यता नहीं दी गयी है। वहीं बीएलओ को बताया गया कि इच्छुक मतदाता गणना फॉर्म को ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं और उसे भरकर दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन अपलोड भी कर सकते हैं। बीएलओ को गणना प्रपत्र की एक प्रति अपने पास रखनी होगी, जबकि पावती रसीद संबंधित व्यक्ति को दी जाएगी। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से बीएलओ को बताया गया कि इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में उनकी भूमिका न केवल दस्तावेज़ एकत्र करने तक सीमित है, बल्कि वे नागरिकों को सटीक और जागरूक जानकारी देने में भी अहम भूमिका निभाएंगे।



