रोजगार मेले में 549 युवाओं ने लिया भाग, 351 को मिला नौकरी का अवसर
13 प्रतिष्ठित कंपनियों ने किया प्रतिभाग, दिव्यांग युवाओं को भी मिला रोजगार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत/खेकड़ा। दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के अंतर्गत सोमवार को खेकड़ा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में एक भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले का उद्देश्य जिले के शिक्षित एवं कुशल युवाओं को रोजगार के उपयुक्त अवसर प्रदान करना था।
इस रोजगार मेले का आयोजन उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, जिला सेवायोजन कार्यालय, तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बागपत के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक योगेश धामा ने फीता काटकर किया। उन्होंने मेले में प्रतिभाग करने आए युवाओं को संबोधित करते हुए कहा,
“बागपत के युवाओं में क्षमता की कोई कमी नहीं है। कौशल आधारित प्रशिक्षण और अवसर की आवश्यकता है। राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।”
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नीरज कुमार श्रीवास्तव ने भी उपस्थित युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कौशल विकास से ही सशक्त भारत की नींव रखी जा सकती है।
351 युवाओं को मिली नियुक्ति
रोजगार मेले में कुल 549 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। मेले में देश की 13 प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इन कंपनियों द्वारा सेल्स एग्जीक्यूटिव, जीओ पॉइंट मैनेजर, कंप्यूटर ऑपरेटर, फिटर, हेल्थ सेक्टर, इंश्योरेंस/बैंकिंग, मशीन ऑपरेटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, ट्रेनी ऑपरेटर समेत विभिन्न पदों पर साक्षात्कार लिया गया।
इनमें से 351 अभ्यर्थियों का मौके पर ही चयन कर उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इससे इन युवाओं के चेहरे पर उत्साह और संतोष की झलक देखी गई।
दिव्यांगजनों को भी मिला अवसर
रोजगार मेले की विशेष बात यह रही कि इसमें 21 दिव्यांग अभ्यर्थियों ने भी भाग लिया, जिनमें से 10 दिव्यांग युवाओं का चयन किया गया। यह पहल समाज में समावेशिता और समान अवसर की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी गई।
उपस्थित गणमान्य और अधिकारी
रोजगार मेले में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के नोडल प्रधानाचार्य परवेज़ खान, जिला रोजगार सहायता अधिकारी विपिन कुमार, दिव्यांगजन कल्याण विभाग के विकास कुमार, आईटीआई स्टाफ, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
अंत में चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें मेहनत और लगन से कार्य कर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।



