
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा: सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के बड़वा गांव में गुरुवार को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मवेशी लदी पिकअप गाड़ियों को जब्त किया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी के नेतृत्व में तब की गई जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मवेशियों से भरी दो पिकअप संदिग्ध स्थिति में इलाके से गुजर रही हैं।थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों गाड़ियों को थाने लाकर जांच की जा रही है। मामले में केस संख्या 45/25 दर्ज करते हुए संबंधित धाराओं में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, यह मवेशी तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क है जो बिहार के श्याम बाजार हटिया और धुरिया हटिया से शुरू होकर भलझोर बॉर्डर, पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र और देवडांड़ होते हुए सुंदरपहाड़ी तक सक्रिय है। बताया जाता है कि इस रूट से प्रतिदिन पिकअप गाड़ियां मवेशियों को लेकर गुजरती हैं, जिनका गंतव्य झारखंड और बिहार के सीमावर्ती इलाके होते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह अवैध परिवहन लंबे समय से चल रहा है और इसमें कुछ पुलिसकर्मियों की मिलीभगत की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। उनका कहना है कि यदि प्रशासन सख्ती बरते तो इस नेटवर्क को कुछ ही दिनों में समाप्त किया जा सकता है। थाना प्रभारी ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच जारी है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर प्रशासन की चौकसी पर सवाल खड़ा करती है। लगातार इस रूट से मवेशियों का अवैध परिवहन होना सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय तस्करी गिरोह की मजबूती को दर्शाता है। अब देखना यह होगा कि क्या पुलिस इस बार इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंच पाती है या नहीं।



