नेपाल में तनावपूर्ण स्थिति के चलते यूपी के सीमावर्ती जिलों में हाई अलर्ट,
डीजीपी राजीव कृष्णा ने दिए कड़े निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लखनऊ : नेपाल में पिछले तीन दिनों से जारी सरकार विरोधी हिंसक प्रदर्शनों के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्णा ने भारत-नेपाल सीमा से सटे सात जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज शामिल हैं। डीजीपी ने बताया कि नेपाल में ताजा स्थिति के अनुसार हालात अभी भी तनावपूर्ण और अस्थिर बने हुए हैं। उन्होंने कहा, “पिछले तीन दिनों से नेपाल में जो स्थिति बनी हुई है, उसकी ताजा रिपोर्ट के अनुसार वहां मामला अभी खराब है। परसों से ही उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।” इस दौरान, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीमें सीमा पर कड़ी निगरानी रख रही हैं।
डीजीपी ने आगे बताया कि सीमा पर स्थित चौकियों और थानों पर पुलिस बल की संख्या बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। इसके साथ ही, नेपाल से संबंधित संवेदनशील सामग्री और अफवाहों पर नजर रखने के लिए सोशल मीडिया की सघन मॉनिटरिंग की जा रही है। डीजीपी ने स्थानीय पुलिस को निर्देश दिए हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उत्तर प्रदेश पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।




