गोड्डा
पैरडीह में निर्माणाधीन अंडरपास का ग्रामीणों द्वारा विरोध तेज
- मौके पर पहुंचे श्रम मंत्री ने ग्रामीणों के विरोध का किया समर्थन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पैरडीह गांव के ग्रामीणों ने रेलवे पोल संख्या 30/3 के समीप बन रहे अंडरपास का जोरदार विरोध किया था। ग्रामीणों का कहना है कि गोड्डा रेलवे स्टेशन से कुरमन तक बन रहे रेलवे यार्ड में अंडरपास के बजाय फाटक या ओवरब्रिज का निर्माण होना चाहिए, ताकि आवागमन में बाधा न हो और आने-जाने में परेशानी न झेलनी पड़े। इसी मांग को लेकर श्रम मंत्री सह गोड्डा विधायक संजय प्रसाद यादव आज पैरडीह गांव पहुंचे और निर्माणाधीन अंडरपास का निरीक्षण किया। मौके पर मंत्री ने रेलवे अधिकारियों से टेलीफोनिक माध्यम से बातचीत कर ग्रामीणों की चिंता से अवगत कराया।
मंत्री ने कहा कि ग्रामीणों की मांग पूरी तरह से जायज है और राज्य सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि यह मुद्दा उच्च स्तर पर उठाया जाएगा और समाधान की दिशा में शीघ्र कदम उठाए जाएंगे। वहीं कुछ दिन पहले पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव भी पैरडीह गांव पहुंचे थे और ग्रामीणों के साथ मिलकर निर्माणाधीन अंडरपास का जायजा लिया था। उन्होंने भी ग्रामीणों की मांग को उचित बताते हुए कहा था कि आपकी मांग पूरी तरह सही है और इसे जल्द पूरा कराया जाएगा। ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि दोनों विधायकों के समर्थन और पहल से उनकी वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा।




