
मुलताई-बैतूल हाईवे और हनुमान ढाना में लाखों की वसूली का दावा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। जिले में बंद किए जा चुके आरटीओ चेक पोस्टों पर अनधिकृत रूप से वसूली का गोरखधंधा फिर से सक्रिय हो गया है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयुक्त सचिव और राष्ट्रीय परिषद सदस्य अजय सोनी ने इसे लेकर भाजपा सरकार पर सीधे आरोप लगाते हुए राजनीतिक भूचाल लाने वाली बात कही है। उन्होंने मुख्यमंत्री के आदेशों को ताक पर रखने का आरोप लगाया। जिले के नेताओं, अफसरों और अधिकारियों की मिलीभगत को भी खुलकर उजागर किया।
उन्होंने कहा कि 1 जुलाई 2024 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशभर में आरटीओ बैरियरों पर अवैध वसूली पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया था, जिससे यह उम्मीद जगी थी कि अब व्यावसायिक वाहन चालकों को राहत मिलेगी। लेकिन मुख्यमंत्री के उस आदेश के बावजूद बैतूल जिले में खुलेआम उसकी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। अजय सोनी ने बताया कि मुलताई-बैतूल हाईवे, भैंसदेही, परतवाड़ा, हनुमान ढाना और अदना चेक पोस्ट जैसे स्थानों पर बंद घोषित किए जा चुके आरटीओ बैरियरों पर जमकर अवैध वसूली हो रही है। इन स्थलों पर अनाधिकृत लोग वाहनों को रोकते हैं और दस्तावेजों की जांच के नाम पर मोटी रकम वसूलते हैं।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब ये चेक पोस्ट पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं, तो वहां किसके आदेश पर वाहन रोके जा रहे हैं और कौन लोग यह अवैध कार्य कर रहे हैं। इस अवैध धंधे पर न तो कलेक्टर की नजर है, न ही परिवहन विभाग की, और न ही जिले के जनप्रतिनिधियों की।
– 24 जुलाई की रात 9 बजे फेसबुक लाइव पर करेंगे खुलासा
अजय सोनी ने कहा कि जब इतने बड़े स्तर पर लाखों रुपए की रोजाना अवैध वसूली हो रही है और कोई जिम्मेदार उस पर कार्रवाई नहीं कर रहा है, तो यह समझना मुश्किल नहीं है कि इसमें सबकी मौन सहमति शामिल है। उन्होंने बताया कि वे 24 जुलाई की रात 9 बजे फेसबुक लाइव पर आकर भाजपा सरकार की इस चुप्पी और मिलीभगत का बड़ा खुलासा करेंगे। यदि इसके बावजूद प्रशासन ने अवैध वसूली पर रोक नहीं लगाई, तो वे बैतूल कलेक्टर कार्यालय के सामने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जुमलेबाज आदेश का प्रतीकात्मक पुतला दहन करने पर बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। अजय सोनी ने साफ शब्दों में कहा कि आरटीओ चेक पोस्ट के नाम पर बैतूल में जो अवैध वसूली का खेल चल रहा है, वह एक संगठित गिरोह द्वारा राजनीतिक संरक्षण में संचालित हो रहा है, और आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को जन-आंदोलन का रूप देगी।



