
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बोआरीजोर : प्रखंड के कुशबिल्ला पंचायत में आयुष स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस कैंप का संचालन डॉ. फिरोज आलम द्वारा पंचायत के मुखिया महेंद्र किस्कू के सहयोग से किया गया। स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने और ग्रामीणों को इलाज मुहैया कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। शिविर में आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी पद्धति के अंतर्गत लोगों का उपचार किया गया। विशेष बात यह रही कि होम्योपैथी कॉलेज परसपानी की छात्राएं भी इस कैंप में उपस्थित रहीं और ग्रामीणों की सेवा में अपना योगदान दिया। शिविर में रक्तचाप, मधुमेह, त्वचा संबंधी रोग, जोड़ों के दर्द सहित अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की गई और मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं। पंचायत के मुखिया महेंद्र किस्कू ने आयुष विभाग का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और लोगों को समय पर इलाज भी मिलेगा।



