
राज्यमंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने सर्किट हाउस में की प्रेसवार्ता, प्रदेश के आठ जिलों में नए सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालयों का करेंगे लोकार्पण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और उनके परिजनों के सम्मान में 14 नवंबर को मेरठ कैंट स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम (डोगरा मंदिर के निकट, मॉल रोड) में भव्य मेगा पूर्व सैनिक सम्मान रैली का आयोजन किया जाएगा। भारतीय सेना के पश्चिम उत्तर प्रदेश सब एरिया के तत्वावधान में आयोजित इस रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
गुरुवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने रैली की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अगस्त 2026 में उन्होंने केंद्रीय रक्षा मंत्री को पत्र लिखकर मेरठ में पूर्व सैनिक सम्मान रैली आयोजित कराने का अनुरोध किया था, जिसे शीघ्र स्वीकृति मिल गई। उन्होंने रक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री और भारतीय सेना का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश वीर सैनिकों की भूमि है। यहां के लगभग प्रत्येक गांव और परिवार का सेना से गहरा जुड़ाव है। सैनिकों का सम्मान करना वास्तव में राष्ट्र का सम्मान करना है और प्रदेश सरकार पूर्व सैनिकों के कल्याण एवं उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
आठ जिलों में सैनिक कल्याण कार्यालयों का लोकार्पण
डॉ. तोमर ने बताया कि रैली के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामली, कानपुर और अमेठी सहित प्रदेश के आठ जनपदों में नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय परिसरों का लोकार्पण करेंगे। इन कार्यालयों में आधुनिक सुविधाओं के साथ दूरदराज से आने वाले पूर्व सैनिकों के ठहरने के लिए ट्रांजिट आवास की व्यवस्था भी की गई है।
इसके अतिरिक्त मेरठ के किसी उपयुक्त सार्वजनिक पार्क में भव्य ‘शौर्य परिसर’ विकसित करने की योजना प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना और भारतीय सशस्त्र सेनाओं के शौर्य एवं पराक्रम से उन्हें परिचित कराना है। इसके लिए थल सेना, नौसेना और वायु सेना से टैंक, विमान एवं विभिन्न शस्त्र प्रणालियों की कलाकृतियां उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। इस परियोजना को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा।
पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए सरकार की पहल
प्रेसवार्ता में राज्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों की चिकित्सा, पेंशन, रोजगार और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेश सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश मंत्रिपरिषद ने बिजनौर, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, इटावा, जालौन, लखीमपुर खीरी, बांदा, गाजीपुर, मीरजापुर, देवरिया, सुल्तानपुर, आजमगढ़ और गोंडा सहित 13 जनपदों में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के निर्माण के लिए सेना को निःशुल्क भूमि हस्तांतरित करने की स्वीकृति दी है।
वरिष्ठ पूर्व सैनिकों को ईसीएचएस और स्पर्श (SPARSH) पेंशन पोर्टल से संबंधित समस्याओं से राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार के स्तर पर भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सैनिक निदेशालय की ओर से पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए दूरभाष हेल्पलाइन, सैनिक चौपाल और विशेष संपर्क प्रकोष्ठ के माध्यम से सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है। वहीं, उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड (UPPSKNL) के माध्यम से सेवानिवृत्त सैनिकों को उनके गृह जनपद के आसपास रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
शहीद सैनिकों के सम्मान में स्मृति द्वार निर्माण से जुड़े प्रस्तावों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। इसके साथ ही ‘एक ब्लॉक, एक सैनिक’ की अवधारणा पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
पूर्व सैनिकों से रैली में पहुंचने की अपील
डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं एवं उनके परिजनों से अपील की कि वे शनिवार, 14 नवंबर को दोपहर 12 बजे कुलवंत सिंह स्टेडियम पहुंचकर इस सम्मान रैली को ऐतिहासिक बनाएं। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी कार्यक्रम की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
प्रेसवार्ता के दौरान सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, विधायक अमित अग्रवाल, कमल दत्त शर्मा, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, सह प्रभारी व्योमेश रस्तोगी, अंकित चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



