अमरोहा
अमरोहा में भाकियू टिकैत की मासिक बैठक
गन्ना अगेती प्रजाति को मान्य करने और किसानों के मुकदमे वापस लेने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : धनौरा ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं को उठाया गया। ब्लॉक अध्यक्ष सुभाष चीमा ने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन और गन्ना विभाग द्वारा गन्ने की 9709, 5009, 237, 11223 सहित अन्य प्रजातियों को अगेती के तौर पर मान्य किया गया है। इसके बावजूद जिला गन्ना अधिकारी इन प्रजातियों को मान्यता नहीं दे रहे हैं। इस कारण जिले भर के किसानों में रोष है। चीमा ने गन्ना अधिकारियों को तानाशाही रवैया सुधारने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो किसान बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। बैठक में बिजली विभाग के अधिकारियों पर भी किसानों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया गया। चेकिंग लाइन बदलने के नाम पर और लाइन के नीचे खड़े पेड़ों के नाम पर किसानों के खिलाफ गलत तरीके से मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। यूनियन ने इन मुकदमों को वापस लेने की मांग की।
इसके अलावा, बिजली विभाग द्वारा किसानों के मीटरों के गलत तरीके से बिल निकालने का मुद्दा भी उठाया गया। क्षेत्र के गांवों में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई गई और पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाकर इन पर अंकुश लगाने की मांग की गई।
इस दौरान बैठक में मुन्नू गुर्जर, राजेंद्र सिंह, जयपाल सिंह, चंद्रपाल सिंह, गुरमीत सिंह, जसवंत सिंह, राहुल यादव, मुमताज, रोहताश, बॉबी चाहल, शिवचरन, जय प्रकाश सिंह, ब्रह्मपाल, कुलदीप, देशराज आदि उपस्थित रहे।



