पाकुड़ में शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न, युवाओं और महिलाओं में दिखा उत्साह, 27 फरवरी को होगी काउंटिंग
Voting concludes peacefully in Pakur, youth and women show enthusiasm; counting will take place on February 27.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखंड नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत सोमवार को पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गई। मतदान के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, वही महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। अधिकांश मतदाताओं ने विकास के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की बात कही। नगर परिषद क्षेत्र में तकरीबन 37 हजार मतदाताओं ने अध्यक्ष पद के 10 प्रत्याशियों समेत कुल 21 वार्डों से चुनाव मैदान में उतरे 89 प्रत्याशियों की किस्मत बैलेट बॉक्स में कैद कर दी। अब सभी की निगाहें 27 फरवरी को घोषित होने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हैं, जिससे राजनीतिक तस्वीर साफ हो सकेगी। राजनीतिक गलियारों में इस बार अध्यक्ष पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबले की चर्चा जोरों पर है। साथ ही एक नए चेहरे की मजबूत दावेदारी को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि अंतिम फैसला मतगणना के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। इधर, उपायुक्त मनीष कुमार ने नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर एक स्थित धनुष पूजा मध्य विद्यालय में अवस्थित बूथ पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान उन्होंने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील भी किये। मतदान के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने का दावा किया गया है। अब 27 फरवरी को मतगणना के साथ ही प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। वही डीसी मनीष कुमार एवं एसपी निधि द्विवेदी ने सोमवार शाम 5 बजे प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया को बताया कि तकरीबन 67 प्रतिशत मतदान हुआ है, पोलिंग पार्टियां सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान केंद्र से मतपेटी लेकर आ रहे हैं। जिसे पाकुड़ बाजार समिति में अवस्थित स्ट्रांग रूम में सीलबंद कर रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि 21 वार्डों के 42 बूथों के लिए 42 टेबल बनाया गया है और एक वार्ड की करीब 300 काउंटिंग होते ही उक्त वार्ड के अध्यक्ष पद के मतदाताओं द्वारा डाले गये वोटों की काउंटिंग शुरू कर दी जायेगी। ताकि समयावधि में काउंटिंग प्रकिया पूरी की जा सके। उन्होंने कहा काउंटिंग के दिन किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, मोबाइल इत्यादि वर्जित रहेगा। डीसी मनीष कुमार ने चुनाव ड्यूटी में लगे सभी कर्मियों समेत पुलिस बल व मीडिया कर्मी समेत विशेष रूप से जागरूक मतदाता का आभार व्यक्त किया। वही एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि शान्ति पूर्वक चुनाव सम्पन्न हुआ है। किसी प्रकार की कोई इश्यू नहीं रहा। सभी पुलिस पदाधिकारियों समेत पुलिस के जवानों ने अपनी ड्यूटी मुस्तैदी से अदा किया। चुनावी गाइडलाइन के मुताबिक सभी स्तर की तैयारियां की गई थी। उन्होंने सभी धन्यवाद ज्ञापित किया।



