मथुरा
2024 बैच के प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने परखी प्रशासनिक कार्यप्रणाली

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। 2024 बैच के 9 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों का दल सोमवार को मथुरा पहुंचा। उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को परखा और विभिन्न मंदिरों में दर्शन किए और संत प्रेमानंद महाराज से भी भेंट की। यूपीएससी टॉपर शक्ति दुबे भी मौजूद रहीं। यह दल अपने प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली और मैदानी स्तर की चुनौतियों को समझने के लिए चार दिवसीय दौरे पर आया है। मथुरा पहुंचते ही प्रशिक्षु अधिकारियों ने आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। दल ने वृंदावन स्थित प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात जिले के विभिन्न प्रमुख स्थानों का भ्रमण किया और ब्रज की भौगोलिक एवं सांस्कृतिक स्थिति को परखा। दौरे के दौरान, इन युवा अधिकारियों ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समय बिताया और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, कानून व्यवस्था और जनसुनवाई जैसी प्रशासनिक गतिविधियों की बारीकियों को समझा। इसका उद्देश्य नए अधिकारियों को फील्ड पोस्टिंग से पहले व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना है।



