बागपत
बागपत से उठा डियर यूथ ऑफ द वर्ल्ड का संदेश,
28 देशों के लोगों ने युवाओं को लिखे ऑनलाइन पोस्टकार्ड

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बागपत : अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर बागपत की धरती से एक ऐसा संदेश प्रवाहित हुआ जिसने सीमाओं, भाषाओं और महाद्वीपों की दीवारें तोड़ दीं। उड़ान यूथ क्लब के डियर यूथ ऑफ द वर्ल्ड अभियान ने 5 महाद्वीपों के 28 देशों के युवाओं को एक साझा डिजिटल पटल पर जोड़ा।
इस अनूठी पहल में भारत, अमेरिका, रूस, इंडोनेशिया, बांग्लादेश, नाइजीरिया, वियतनाम, केन्या, ईरान, मलेशिया, युगांडा, सूडान, तिमोर लेस्ते, मेडगास्कर और कैमरून जैसे देशों के 258 संदेश शामिल हुए। युवाओं ने अंग्रेज़ी, हिंदी, फ्रेंच, अरबी, इंडोनेशियाई, कन्नड़, तमिल, सिंधी, ओड़िआ और वियतनामी भाषाओं में अपने अनुभव, सपने और प्रेरक विचार लिखे।
क्लब के अध्यक्ष और राज्य युवा पुरस्कार से सम्मानित अमन कुमार ने बताया कि यह पूरी मुहिम शून्य बजट पर चली, जिसमें केवल उत्साह, तकनीक और स्वयंसेवा की शक्ति ने इसे संभव बनाया। सोशल मीडिया के माध्यम से इन संदेशों को दुनिया भर में साझा किया गया, ताकि यह अभियान एक सकारात्मक वैश्विक संवाद का रूप ले सके।
अभियान का उद्देश्य केवल पोस्टकार्ड भेजना नहीं था, बल्कि युवाओं के बीच विश्वास, सम्मान और एकजुटता का पुल बनाना था। आने वाले समय में क्लब इन संदेशों का एक विशेष संकलन तैयार कर अंतरराष्ट्रीय युवा मंचों पर प्रस्तुत करेगा।



