बागपत

बागपत के इनाम उल हसन करेंगे केंद्रीय मंत्री संग सियाचिन का भ्रमण, जिले का नाम किया रोशन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बागपत : जिले की युवा शक्ति ने एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर परचम लहराया है। निवाड़ा गांव के इनाम उल हसन को भारत सरकार की ओर से केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया के नेतृत्व में सियाचिन भ्रमण के लिए चुना गया है। देशभर से लाखों युवाओं ने माय भारत पोर्टल पर आयोजित तिरंगा क्विज़ में भाग लिया, लेकिन केवल 25 युवाओं को ही यह सम्मानजनक अवसर मिला।
सियाचिन, जिसे दुनिया का सबसे ऊंचा युद्धक्षेत्र माना जाता है, भारतीय सेना के साहस और बलिदान की पहचान है। यहां का भ्रमण युवाओं को देशभक्ति, राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमाओं पर डटे जवानों की कठिनाइयों को करीब से जानने का अवसर देगा।
इनाम उल हसन न सिर्फ़ एक सक्रिय युवा कार्यकर्ता हैं, बल्कि शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कई अभियानों में उनकी अहम भूमिका रही है। वे वर्तमान में युवक मंगल दल, निवाड़ा के अध्यक्ष हैं और नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक भी रह चुके हैं। उनके नेतृत्व में 75 दिवसीय राष्ट्रीय एकता कार्यक्रम और 30 दिवसीय विशेष सफाई अभियान आयोजित किए गए।
इनाम ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी जिले का मान बढ़ाया है। वे भारतीय संसद में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और भारत की G20 अध्यक्षता के दौरान IIT कानपुर में आयोजित Y20 सम्मेलन में युवाओं की आवाज़ बुलंद की। हाल ही में उन्हें समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए राज्यमंत्री केपी मलिक और जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने सम्मानित किया।
उनकी इस उपलब्धि पर जिलेभर से बधाई का तांता लग गया। माय भारत स्वयंसेवक अमन कुमार, नीतीश भारद्वाज, शादाब अली, अमीर खान समेत कई स्वयंसेवकों और संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया।
इनाम उल हसन का चयन बागपत और उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए न केवल प्रेरणा है, बल्कि यह संदेश भी है कि गांव का युवा भी मेहनत और लगन से राष्ट्रीय पहचान बना सकता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button