कृषि उत्पादन बाजार समिति पाकुड़ में नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की मतगणना को लेकर प्रशिक्षण आयोजित
Training organized for counting of votes for Municipal General Elections 2026 at Krishi Utpadan Bazar Samiti, Pakur

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़: नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत मतगणना कार्य को सुचारु, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कृषि उत्पादन बाजार समिति, पाकुड़ में मतगणना सहायक एवं मतगणना पर्यवेक्षकों का आधिकारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने की। प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी नियुक्त कर्मियों को निर्धारित समय से पूर्व मतगणना केंद्र पर उपस्थित होने तथा अपना पहचान पत्र (आईडी कार्ड) अनिवार्य रूप से साथ लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना आईडी कार्ड के किसी भी कर्मी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान मतपेटिका खोलने की प्रक्रिया, मतपत्रों की छंटाई, बंडलिंग, मतों की गणना, अभिलेख संधारण, मतगणना हॉल में अनुशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी चरणों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त रिजर्व कर्मियों की तैनाती एवं आवश्यकता पड़ने पर उनकी भूमिका के संबंध में भी विस्तार से अवगत कराया गया।
उपायुक्त ने सभी कर्मियों से पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील करते हुए कहा कि निष्पक्ष एवं विश्वसनीय मतगणना लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा के साथ करेंगे, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।



