गोड्डा
आंगनबाड़ी सेविकाओं का अशोक स्तंभ परिसर में धरना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। झारखंड प्रदेश वर्कर्स यूनियन गोड्डा के बैनर तले जिले की आंगनबाड़ी सेविकाओं ने अशोक स्तंभ परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। सेविकाओं ने सरकार से अपनी समस्याओं और मांगों को अविलंब पूरा करने की अपील की। दोपहर 2 बजे शुरू हुए इस धरना में सेविकाओं ने कहा कि वे लंबे समय से अपने अधिकार और न्याय की मांग कर रही हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। सेविकाओं का कहना था कि वे बच्चों को पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में लगातार लगे हुए हैं। इसके बावजूद उन्हें न तो उचित मानदेय मिलता है और न ही सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ। धरना स्थल पर मौजूद सेविकाओं ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि सरकार उनकी मेहनत और कर्तव्यपालन को नजरअंदाज कर रही है।
धरना कार्यक्रम के अंत में सेविकाओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
क्या है 7 सूत्री मांगें
1. आंगनबाड़ी सेविकाओं को सरकारी कर्मचारी घोषित किया जाए
2. न्यूनतम मानदेय 26,000 प्रतिमाह किया जाए
3. पेंशन और सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए
4. सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार छुट्टी का प्रावधान किया जाए
5. पोषाहार राशि बाजार दर से उपलब्ध कराई जाए
6. आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका को बी.एल.ओ. के कार्यों से मुक्त किया जाए
7. टी.एच.आर. और वितरण के लिए एफ.आर.एस.के. प्रक्रिया को पूर्णतः बंद किया जाए।



