मथुरा

उपस्थिति दर्ज होने के बाद नदारद मिले सफाई कर्मी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

मथुरा। वार्ड-18 व 35 में लचर सफाई व्यवस्था देख नाराज नगर आयुक्त ने पांच सफाई कर्मियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ड्यूटी रजिस्टर में पेन से ओवरराइटिंग करने पर सुपरवाइजर से स्पष्टीकरण मांगा है। नगर आयुक्त जग प्रवेश सफाई कर्मियों और सुपरवाइजरों को लचर सफाई व्यवस्था को लेकर बार-बार चेता रहे हैं, इसके बावजूद सफाई कर्मी वार्डों में सफाई सुनिश्चित नहीं कर रहे हैं। कभी ड्यूटी से गायब हो जाते हैं तो कभी बिना बताए छुट्टी कर लेते हैं। ऐसे सफाई कर्मियों के खिलाफ नगर आयुक्त अब सख्ती दिखा रहे हैं। वार्ड-18 के जनरल गंज की सफाई व्यवस्था परखी गई। इस दौरान दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। ऐसा ही हाल वार्ड-35 के वनखंडी क्षेत्र में मिला। तीन सफाई कर्मी अनुपस्थित मिले, जबकि ड्यूटी रजिस्टर में हस्ताक्षर थे। नगर आयुक्त ने पांचों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही लचर सफाई व्यवस्था और ड्यूटी रजिस्टर में गड़बड़ी करने पर सुपरवाइजर से स्पष्टीकरण मांगा है। नगर आयुक्त ने कहा कि वार्ड की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। अगर किसी भी वार्ड में लचर सफाई व्यवस्था मिली तो संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी। इस दौरान सफाई निरीक्षक राजकुमार लवानिया समेत अन्य मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button