छपरौली में कैंडल मार्च, न्याय की मांग से गूंजा कस्बा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
छपरौली/बागपत :”बेटी बचाओ, बेटी को न्याय दिलाओ” के नारों से बुधवार शाम छपरौली कस्बा गूंज उठा। चौधरी चरण सिंह पुस्तकालय से शुरू होकर शहीद कुलदीप खोक्खर स्मारक तक निकाले गए कैंडल मार्च में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया।
मार्च के दौरान युवाओं, महिलाओं और किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने हाथों में मोमबत्तियाँ थामकर पीड़ित बेटी के लिए इंसाफ की मांग की। हर चेहरे पर गुस्सा और आँखों में आंसू साफ झलक रहे थे।
इस मौके पर किसान यूनियन जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी, जिला संगठन मंत्री विक्रांत चौधरी, उपाध्यक्ष सागर चौहान, युवा जिला उपाध्यक्ष शुभम खोक्खर, ओबीसी मंत्री व जिला अध्यक्ष समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे। खास बात यह रही कि समाज के हर वर्ग से लोग इसमें जुड़े। किन्नर समाज की जिलाध्यक्ष चांदनी किन्नर भी कैंडल मार्च में शामिल हुईं और कहा – “जब तक बेटी को न्याय नहीं मिलेगा, हमारी लड़ाई जारी रहेगी।”
मार्च का समापन शहीद कुलदीप खोक्खर की प्रतिमा पर किया गया। वहां सभी ने पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी और प्रण लिया कि अन्याय के खिलाफ यह लड़ाई अंतिम सांस तक लड़ी जाएगी



