गोड्डा

नाला निर्माण नहीं होने से स्थिति नारकीय, घरों में घुस रहा गंदा पानी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
महगामा। प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत हनवारा में बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। आलम यह है कि सलाम मास्टर के घर से लेकर मुख्य सड़क तक नाला निर्माण नहीं होने के कारण जलजमाव की विकराल समस्या उत्पन्न हो गई है। नालियों के अभाव में घरों और सड़कों का गंदा पानी निकास न होने की वजह से सीधे लोगों के घरों में प्रवेश कर रहा है। विशेष रूप से इस्लाम मास्टर का घर इस समस्या से सर्वाधिक प्रभावित है। उनके घर में हर समय गंदा पानी जमा रहता है, जिससे न केवल दुर्गंध फैल रही है बल्कि बीमारियां पनपने का भी खतरा बना हुआ है। स्थिति इतनी दयनीय हो गई है कि घर में हंस और अन्य जलचरों ने अपना बसेरा बना लिया है। नारकीय स्थिति से तंग आकर घर के सदस्य अपने ही आशियाने को छोड़कर दूसरी जगह रहने पर विवश हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीण अजीज आलम, इब्राहीम, इकराम, फकरुद्दीन, रियाज आलम और यूसुफ आलम ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि गंदे पानी के कारण सबसे ज्यादा परेशानी इबादतगाह तक जाने में होती है। सड़क पर घुटनों तक गंदा पानी जमा होने से मस्जिद जाने वाले नमाजियों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस दिशा में प्रखंड प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों को नाला निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम उठाना चाहिए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button