अमरोहा
गन्ना भुगतान न होने पर किसानों में आक्रोश
भाकियू ने दी हाइवे जाम करने की चेतावनी, चेतावनी- 31 जुलाई तक करें बकाया पेमेंट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : भारतीय किसान यूनियन असली ने वेव इंडस्ट्रीज पर किसानों के बकाया गन्ना भुगतान को लेकर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। यूनियन के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है।मंडल अध्यक्ष डूंगर सिंह के नेतृत्व में किसानों ने कहा कि वेव इंडस्ट्रीज लगातार उनके साथ धोखाधड़ी कर रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व की बैठकों में उपजिलाधिकारी और तहसीलदार के सामने कंपनी ने तीन बार किसानों का बकाया भुगतान करने का आश्वासन दिया था। लेकिन अभी तक 2024-25 का संपूर्ण भुगतान नहीं किया गया है।किसान नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर 31 जुलाई तक किसानों की शेष धनराशि का भुगतान नहीं किया गया तो यूनियन के कार्यकर्ता धनौरा तहसील के सामने बदायूं-बिजनौर स्टेट हाइवे को जाम कर देंगे। ज्ञापन देने वालों में सचिन कुमार, हाजी साबिर, हकीमुद्दीन, खचेडू सिंह, कपिल प्रधान, दिनेश, नरेश, जयपाल सिंह, कलुवा, मुरेश यादव, शाकिर अली, इश्तियाक अल्वी, जुल्फकार मलिक, खेमपाल सिंह, जगदीश यादव, महीपाल सिंह, जन्म सिंह, नन्हे सिंह और अतर सिंह आदि मौजूद रहे।



