सिंगरौली
डीपीएस के प्राचार्य सुखवंत सिंह थापर पर मामला दर्ज, जांच शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली । पुलिस अधीक्षक सिंगरौली के आदेश पर डीपीएस निगाही के सेवानिवृत प्राचार्य सुखवंत सिंह थापर पर राष्ट्रीय ध्वज अपमान के मामले में राष्ट्र गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971 की धारा 2 के तहत अपराधिक प्रकरण पंजीकृत किया गया है। प्रकरण पंजीबद्ध के बाद नवानगर थाना पुलिस ने अपनी विवेचना भी शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) निगाही परियोजना में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्राचार्य सुखवंत सिंह थापर के मौजूदगी में 26 जनवरी को जब विद्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म अदायगी की जा रही थी तभी तिरंगे का केसरिया रंग नीचे और हरा रंग ऊपर था, जो राष्ट्रीय ध्वज के मानकों का स्पष्ट उल्लंघन है। जिसकी खबर मेरे द्वारा प्रमुखता से उठाई गई थी, जिसे संज्ञान में लेते हुए सिंगरौली पुलिस अधीक्षक द्वारा डीपीएस निगाही के प्राचार्य के खिलाफ तत्काल अपराध पंजीबद्ध करने का आदेश नवानगर थाना को दिया गया, जिसमें डीपीएस निगाही के सेवानिवृत प्राचार्य सुखवंत सिंह थापर पर राष्ट्रीय ध्वज अपमान के मामले में राष्ट्र गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971 की धारा 2 के तहत अपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
उक्त घटना न केवल राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान के प्रति उदासीनता को दर्शाती हैं, बल्कि शैक्षिक संस्थानो में जागरूकता की कमी पर भी सवाल खड़े करती हैं। इस कृत्य से विद्यालय की गरिमा को ठेस पहुंची है और यह देश की संप्रभुता व संविधान की भावना के विपरीत है।




