मकान बन गए, सड़क का इंतजार खत्म नहीं हुआ
पश्चिम गहिलगढ़ में सीवर लाइन की खुदाई के बाद बदहाल रास्ते से लोग परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली अंतर्गत पश्चिम गहिलगढ़ में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। त्रिदेव मंदिर के पास सीवर लाइन के लिए की गई खुदाई के बाद रास्ते की स्थिति खराब होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में मकान तो बन गए हैं, लेकिन आने-जाने के लिए अब तक पक्की सड़क की सुविधा नहीं मिल सकी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क पर गड्ढे खोदे जाते हैं। काम पूरा होने के बाद खुदाई वाले हिस्से को ठीक तरीके से भरकर सड़क को समतल नहीं किए जाने से रास्ता उबड़-खाबड़ हो जाता है। बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है। कीचड़ और गड्ढों के कारण पैदल चलने वालों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।
लोगों ने नगर पालिक निगम से मांग की है कि सीवर लाइन का कार्य पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत कर उसे व्यवस्थित किया जाए। साथ ही क्षेत्र में पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि रहवासियों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों के सवाल है किसीवर लाइन की खुदाई के बाद सड़क को व्यवस्थित क्यों नहीं किया जा रहा? आबादी बसने के बावजूद पक्की सड़क का निर्माण कब होगा? स्थानीय लोगों को सुविधा देने के लिए नगर निगम कब ठोस कदम उठाएगा?



