गाजियाबाद

कब्रिस्तान की 125 गज जमीन से अवैध निर्माण ध्वस्त, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

हाजी सलमान के बहनोई कल्लू बेग पर जमीन कब्जाने का आरोप, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कब्रिस्तान की करीब 125 गज भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया सूत्रों के अनुसार उक्त भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किए जाने की शिकायत  मिली थी। जांच के बाद जमीन पर कब्जे के मामले में हाजी सलमान के बहनोई कल्लू बेग का नाम सामने आया है। कल्लू बेग वर्तमान में जेल में बंद बताया जा रहा है।
प्रशासनिक टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सुबह अपनी कार्रवाई शुरू की। किसी प्रकार के विरोध या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए मौके पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त कराया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी, पंचायत (एलएमसी) तथा कब्रिस्तान और श्मशान की भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन की ओर से यह भी चेतावनी दी गई कि कब्जामुक्त कराई गई भूमि पर दोबारा निर्माण या अतिक्रमण का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार मिल रही थीं अवैध कब्जे की शिकायतें
बताया गया कि लोनी क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे और अनधिकृत कॉलोनियों को लेकर जिला प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग और नगर पालिका की टीमों को क्षेत्र में सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर किए गए अतिक्रमण को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अन्य स्थानों पर भी अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
वहीं, हाजी सलमान और उसके सहयोगियों से जुड़े मामलों के मद्देनजर पुलिस द्वारा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button