सिंगरौली

सीईआरसी अध्यक्ष एवं सचिव ने किया रेडक्रॉस के DDRC एवं बालिका आश्रय गृह का भ्रमण

दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए, बालिकाओं से किया आत्मीय संवाद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली । असम के पूर्व मुख्य सचिव एवं केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग (CERC) के अध्यक्ष जिष्णु बरुआ (सेवानिवृत्त आईएएस) एवं CERC के सचिव हरप्रीत सिंह प्रूथी ने आज संयुक्त रूप से इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, सिंगरौली द्वारा संचालित जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) एवं बालिका खुला आश्रय गृह का भ्रमण किया।
इस अवसर पर एनटीपीसी विंध्याचल के निदेशक किशोर कुमार होता, मानव संसाधन प्रमुख रूमा डे एवं अपर महाप्रबंधक प्रणब वर्मा उपस्थित रहे। रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एस.डी. सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।
डीडीआरसी में मुकुल किशोर द्वारा पीपीटी एवं वीडियो के माध्यम से केंद्र की गतिविधियों, सेवाओं एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी दी गई। अतिथियों को बताया गया कि DDRC भवन का निर्माण एनटीपीसी विंध्याचल के सहयोग से किया गया है* तथा इसमें दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए बैरियर-फ्री रैंप, दिव्यांग अनुकूल टॉयलेट एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
दोनों अतिथियों ने DDRC के पी एंड ओ विभाग एवं वर्कशॉप का भ्रमण कर कृत्रिम अंग, कैलीपर, डी.बी. स्प्लिंट एवं अन्य सहायक उपकरणों के निर्माण की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान दिव्यांगजनों को 01 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 02 व्हीलचेयर, 01 श्रवण यंत्र एवं 01 नेत्रहीन छड़ी प्रदान की गई। सहायक उपकरण प्राप्त कर दिव्यांगजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इसके पश्चात श्री बरुआ एवं श्री प्रूथी ने रेडक्रॉस सोसाइटी सिंगरौली द्वारा संचालित बालिका खुला आश्रय गृह का भी संयुक्त रूप से भ्रमण किया। बालिकाओं ने दीप प्रज्वलन एवं पुष्पों से अतिथियों का स्वागत किया। कोऑर्डिनेटर शिरीन ने आश्रय गृह की गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी। अतिथियों ने बालिकाओं से आत्मीय संवाद कर उनकी शिक्षा एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा सभी बालिकाओं को उपहार प्रदान किए।
उल्लेखनीय है कि बालिका खुला आश्रय गृह का संचालन एनटीपीसी विंध्याचल के आर्थिक सहयोग से किया जा रहा है। अतिथियों ने रेडक्रॉस द्वारा दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंद बालिकाओं के लिए किए जा रहे मानवीय एवं सामाजिक सेवा कार्यों की सराहना की।
भ्रमण के दौरान इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, सिंगरौली द्वारा संचालित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button