बढ़े गृहकर-पानी टैक्स के विरोध में बनत नगर पंचायत में हंगामा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। नगर पंचायत बनत में गृहकर और पानी टैक्स में असामान्य वृद्धि किए जाने का आरोप लगाते हुए सभासद पति प्रशांत चौहान के नेतृत्व में दर्जनों नगरवासियों ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेयरमैन पति धर्मवीर सिंह का घेराव करते हुए बढ़े हुए टैक्स को वापस लेने और क्षेत्र में विकास कार्य कराने की मांग की।
प्रशांत चौहान ने आरोप लगाया कि टैक्स बढ़ोतरी का प्रस्ताव बोर्ड बैठक में खारिज किए जाने के बावजूद नगर पंचायत स्तर पर मनमाने तरीके से बढ़ी दरों पर वसूली की जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे नगरवासियों में रोष है।
प्रदर्शनकारियों ने नगर पंचायत कार्यालय में ठेकेदार के माध्यम से लगाए गए कर्मचारियों पर भी मनमाने तरीके से कार्य करने का आरोप लगाया। प्रमाण पत्रों से संबंधित कार्यों में नियमों का पालन नहीं किए जाने तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए।
उन्होंने कहा कि अन्य नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में गृहकर एवं पानी टैक्स में इस तरह की वृद्धि नहीं की गई है। नगरवासियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अनियमितताओं पर विभागीय कार्रवाई करने और बढ़ा हुआ टैक्स तत्काल वापस लेने की मांग की।
इस अवसर पर निर्देश राणा, अजीत सिंह, अरविंद कुमार, सुखबीर सिंह, सुरेश, गौरव कुमार, नाजिम, सुनील कुमार, पूरण सिंह और रविंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।