
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : कर्माटांड़-चरघरा रोड स्थित सार्वजनिक पूजा पंडाल में इस वर्ष विघ्नहर्ता भगवान गणेश की पूजा-अर्चना अत्यंत ही श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हुई। दस दिनों तक चलने वाले इस गणेशोत्सव के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। सुबह और शाम होने वाली महाआरती में बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण और श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण गणेशमय हो गया।
पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि अनुष्ठान की शुरुआत गणेश चतुर्थी के दिन भव्य कलश यात्रा के साथ हुई थी, जिसमें सैकड़ों महिलाओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद विधि-विधान से प्रथम पूज्य गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की गई। पंडाल को आकर्षक और भव्य विद्युत झालरों तथा फूलों से बेहद खूबसूरती से सजाया गया था, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा।
महाउत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बच्चों और युवाओं के लिए फैंसी ड्रेस, गायन और नृत्य प्रतियोगिताओं ने उत्सव के उत्साह को और बढ़ा दिया। पूजा समिति की ओर से महाभोग और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भगवान गणेश को विदाई देने के लिए एक भव्य और विशाल शोभायात्रा निकाली गई। डीजे की धुन, ढोल-नगाड़ों की थाप औरी “गणपति बाप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से अपने आराध्य को विदाई दी। कर्माटांड़-चरघरा रोड स्थित मुख्य जलाशयों में प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में स्थानीय पूजा समिति, युवाओं और गणमान्य नागरिकों का विशेष योगदान रहा, जिससे यह उत्सव क्षेत्र में आपसी सौहार्द और आस्था का एक अनूठा उदाहरण बन गया।



