गाजियाबाद

“जीवन भर का ठेका नहीं है हमारा” ,नपा लोनी जेई के बयान से भड़के सभासद

एक माह में उखड़ी सड़क पर नगरपालिका की कार्यशैली सवालों में

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद :  नगरपालिका परिषद लोनी के वार्ड संख्या 30 में हाल ही में निर्मित सड़क एक माह के भीतर ही टूटने और उखड़ने लगी है। सड़क पर जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं और गिट्टी बाहर आने लगी है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस मामले को लेकर वार्ड सभासद रुपेन्द्र चौधरी ने अधिशासी अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर जांच व कार्रवाई की मांग की है।
सभासद का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य विराज कंस्ट्रक्शन और राशि कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कराया गया, जिसमें सरकारी मानकों की अनदेखी करते हुए घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया। इसका खामियाजा अब क्षेत्रीय जनता को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी कई बार कनिष्ठ अभियंता (जेई) को मौखिक व फोन के माध्यम से दी गई, लेकिन शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि जेई का रवैया असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदाराना रहा। यहां तक कि उन्होंने कथित रूप से कहा, “जीवन भर का ठेका नहीं है हमारा”, जिसे सभासद ने जनप्रतिनिधि का अपमान और कर्तव्य से बचने की मानसिकता बताया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्यों की सही निगरानी की जाती, तो सड़क इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त नहीं होती। ऐसे में नगरपालिका की कार्यप्रणाली और अधिकारियों-ठेकेदारों की संभावित मिलीभगत पर भी सवाल उठ रहे हैं।
सभासद ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की स्वतंत्र व उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए, दोनों निर्माण कंपनियों द्वारा किए गए अन्य निर्माण कार्य की गुणवत्ता की भी जांच हो, दोषी पाए जाने पर ब्लैकलिस्ट करते हुए भुगतान रोका जाए, संबंधित जेई के आचरण की जांच की जाए तथा सड़क का पुनः गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए।
अब देखना होगा कि नगरपालिका प्रशासन इस शिकायत को गंभीरता से लेता है या फिर मामला कागजों तक सीमित रह जाता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button