गाजियाबाद
लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने छह शातिर चोरों को पकड़ा, चोरी का सामान बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने बलराम नगर कॉलोनी में स्थित मार्बल कारोबारी दिनेश सिंघल की दुकान में हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में छह शातिर चोरों को लाल बाग कॉलोनी के पास से गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी किया गया सारा सामान बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने कारोबारी दिनेश सिंघल की मार्बल की दुकान को निशाना बनाते हुए वहां से एक बाइक, 12 हजार रुपये नकद, तीन गैस सिलेंडर, चार बैटरी, रिक्शा ठेली, साढ़े सात हॉर्स पावर की मोटर, अल्टीनेटर, बैटरी चार्जर और ड्रिल मशीन सहित कीमती सामान चोरी कर लिया था। घटना की सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस सक्रिय हुई और जांच शुरू की।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर लाल बाग कॉलोनी के पास घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने न केवल बलराम नगर कॉलोनी में हुई चोरी को कबूल किया, बल्कि अशोक विहार कॉलोनी से नरेश पुत्र अमर सिंह के टेंट हाउस के सामान की चोरी की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर टेंट का चोरी हुआ सामान भी बरामद कर लिया है।
इस पूरी कार्रवाई में लाल बाग पुलिस चौकी प्रभारी और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। समयबद्ध और सटीक कार्रवाई से पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है।
मार्बल कारोबारी दिनेश सिंघल ने चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी पर पुलिस चौकी प्रभारी एवं उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की तत्परता से उन्हें बड़ा नुकसान होने से बचाया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे इससे पहले और किन-किन वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस का कहना है कि आगे भी क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सख्त अभियान जारी रहेगा।



