अमरोहा
अमरोहा में हत्या के आरोपी गिरफ्तार नहीं
परिजन एसपी ऑफिस पर धरने पर बैठे, गजरौला पुलिस पर ढिलाई का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र में एक माह पूर्व हुई 23 वर्षीय युवक सौरभ की हत्या के मामले में परिजनों ने बुधवार को एसपी ऑफिस पर धरना दिया। वे आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पुलिस की कथित ढिलाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि गजरौला पुलिस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है, जिसके कारण नामजद आरोपी पीड़ित परिवार को धमका रहा है। यह घटना बीते 18 अगस्त की है, जब गांव के रास्ते पर रजबपुर थाना क्षेत्र के हाफिजपुर निवासी सौरभ का शव लहूलुहान हालत में मिला था।
गजरौला पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था, जिसकी रिपोर्ट में गला दबाकर मृत्यु होने की पुष्टि हुई। परिजनों की तहरीर पर गांव के ही अनीत पुत्र सोमपाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। बुधवार को परिजन तमाम ग्रामीणों के साथ एसपी ऑफिस पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर गजरौला पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 25 सितंबर तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो वे एसपी ऑफिस का घेराव करेंगे।



