ललितपुर
हाईस्कूल हिंदी परीक्षा में 20 हजार परीक्षार्थी पंजीकृत, 968 रहे अनुपस्थित
परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई बोर्ड परीक्षा, उपस्थिति रही 95 प्रतिशत से अधिक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा 2026 के अंतर्गत मंगलवार को आयोजित हाईस्कूल हिंदी (कोड-901) प्रथम पाली की परीक्षा जनपद में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। परीक्षा को लेकर प्रशासन और शिक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क रहा। प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जनपद में इस विषय के लिए कुल 20,000 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 19,032 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 968 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। बताया गया है कि संस्थागत श्रेणी में बालकों की संख्या 10,766 तथाबालिकाओंकीसंख्या 9,096 रही, इस प्रकार कुल 19,862 संस्थागत परीक्षार्थी पंजीकृत थे। वहीं व्यक्तिगत श्रेणी में 138 परीक्षार्थी पंजीकृत पाए गए। कुल मिलाकर पंजीकृत संख्या 20 हजार रही। परीक्षा में कुल 10,195 बालक एवं 8,837 बालिकाएं उपस्थित रहीं। अनुपस्थित रहने वालों में 675 बालक और 293 बालिकाएं शामिल हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्नपत्र वितरण, उत्तर पुस्तिका आवंटन और समय प्रबंधन की प्रक्रिया सुचारु रही। नकल रोकने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था की गई थी। उडऩ दस्तों द्वारा कई केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया, हालांकि कहीं से भी किसी बड़ी अनियमितता की सूचना नहीं मिली। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में परीक्षा उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के दिशा-निर्देशों के अनुसार कराई जा रही है। परीक्षा केन्द्रों पर पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे परीक्षार्थियों को सुरक्षित और तनावमुक्त माहौल मिला। शिक्षा विभाग का कहना है कि आगामी परीक्षाओं में भी इसी तरह सख्ती और पारदर्शिता बरती जाएगी, ताकि बोर्ड परीक्षा की विश्वसनीयता बनी रहे। परीक्षार्थियों और अभिभावकों ने भी व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया है।
जिले में 36 हजार से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
ललितपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के लिए जिले में पंजीकृत परीक्षार्थियों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। जारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष कुल 36,677 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। आंकड़ों के मुताबिक हाईस्कूल परीक्षा के लिए कुल 20,463 परीक्षार्थियों का पंजीकरण हुआ है, जिसमें 10,997 छात्र एवं 9,466 छात्राएं शामिल हैं। वहीं इंटरमीडिएट स्तर पर कुल 16,214 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 8,596 छात्र और 7,618 छात्राएं हैं। इसी तरह दोनों परीक्षाओं को मिलाकर कुल संख्या देखें तो 19,593 छात्र एवं 17,084 छात्राएं परीक्षा में बैठेंगी।



