गोड्डा
जिला आपूर्ति कार्यालय से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न
दिए गए आवश्यक दिशा- निर्देश-अंजली यादव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के सुचारू रूप से क्रियान्वयन को लेकर समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई।
इस दौरान उपायुक्त ने पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में किए गए कार्यों की जानकारी लेते हुए लक्ष्य के अनुरूप ससमय कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार पूर्णेन्दु के द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के अन्तर्गत जुलाई ,अगस्त एवं सितंबर माह के खाद्यान्न वितरण से संबंधित जानकारियां प्रदान की गई। इस दौरान उपायुक्त के द्वारा जिला आपूर्ति पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि खाद्यान्न का उठाव एवं वितरण ससमय करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि खाद्यान्न के उठाव एवं वितरण में लापरवाही बर्दाशत नहीं की जायेगी। आगे उन्होंने कहा कि पैक्स केंद्रों से बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए धान अधिप्राप्ति से संबंधित कार्यों को संपादित करें ताकि धान अधिप्राप्ति के समय किसानों को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हो। बैठक में जिले में पीवीटीजी परिवारों को डाकिया योजना से दी जाने वाली राशन संबंधित समीक्षा क्रम में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पीवीटीजी परिवारों को ससमय शतप्रतिशत डाकिया योजना का लाभ मिले इसे सुनिश्चित करें। सोना-सोबरन धोती साड़ी योजनान्तर्गत सभी लाभुकों को शत प्रतिशत लाभान्वित करने का निदेश दिया गया। बीएसओ एवं डीएसओ लॉगिन में लंबित मामलों को अविलम्ब निष्पादित करने का निर्देश दिया गया। नया राशनकार्ड, डीलर चेंज, डिलीट मेंबर एवं राशनकार्ड सरेन्डर वाले मामलों में भौतिक सत्यापन के बाद ही अग्रेतर कार्रवाई करने का निदेश दिया गया। साथ ही पीजीएमएस पोर्टल में लंबित मामलों को जल्द से जल्द निष्पादित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उपायुक्त द्वारा आधार सिडिंग, सुसुप्त राशन कार्ड, ग्रीन टू एनएफएसए परिवर्तन राशन कार्ड, ई-पॉश मशीन, मुख्यमंत्री दाल भात योजना, चना दाल वितरण, पीजीएमएस शिकायत, धान अधिप्राप्ति समेत अन्य संचालित योजनाओं की समीक्षा कर जिला आपूर्ति पदाधिकारी को सभी सुयोग्य लाभूको को योजना का लाभ मिले इसको लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान उपायुक्त के द्वारा बताया गया कि आगामी विभिन्न प्रखंडों में आयोजित होने बाले कैंप में जिला आपूर्ति विभाग से संबंधित यदि कोई भी समस्या हो उस कैंप में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का निराकरण करा सकते हैं।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी , गोड्डा अविनाश कुमार पूर्णेन्दु, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सहित जिला आपूर्ति विभाग के कर्मचारी मौजूद थे।



