योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में ‘नमो युवा रन’ का शुभारंभ किया, नशामुक्त भारत का संदेश दिया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में ‘नमो युवा रन’ का फ्लैग-ऑफ कर शुभारंभ किया। यह आयोजन ‘नशामुक्त भारत’ अभियान के तहत ‘सेवा पखवाड़ा’ का हिस्सा है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। देशभर के 75 शहरों में 10,000 से अधिक युवाओं ने इस रन में हिस्सा लिया, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा, “युवा देश की शक्ति हैं। नशा उन्हें कमजोर करता है और समाज को खोखला करता है। फिट इंडिया और केलो इंडिया जैसे अभियानों के जरिए हम युवाओं को स्वस्थ और मजबूत बनाना चाहते हैं।” उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और उत्तर प्रदेश को विकसित बनाने के लिए युवाओं से एकजुट होने का आह्वान किया।
‘नमो युवा रन’ में स्कूली छात्रों, युवाओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन न केवल नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सफल रहा, बल्कि उत्तर प्रदेश सरकार की युवा सशक्तीकरण और स्वास्थ्य जागरूकता की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।



